Tuesday, October 20th, 2026

मूंग दाल का सूप डिलीवरी के बाद फायदेमंद



डिलीवरी के बाद जो चीज महिलाओं को सबसे ज्‍यादा परेशान करती है वो है बढ़ा हुआ वजन। अमूमन हर महिला का गर्भावस्‍था के दौरान वजन बढ़ ही जाता है और डिलीवरी के बाद तक यह वजन बना रहता है।

डिलीवरी के बाद शिशु की परवरिश में महिलाओं को खुद पर ध्‍यान देने का समय ही नहीं मिल पाता है और इस तरह अनदेखी करने पर शरीर में फैट जमने लगता है। हालांकि, हेल्‍दी डाइट और पौष्टिक चीजों को शामिल करने से इस फैट को कम किया जा सकता है। मूंग दाल का सूप भी प्रेग्‍नेंसी के बाद वजन को घटाने में आपकी मदद कर सकता है।

​किन चीजों की जरूरत है
इस सूप को बनाने के लिए आपको आधा कप साबुत मूंग दाल, एक चम्‍मच तेल, एक चौथाई चम्‍मच जीरा, 4 से 5 करी पत्ता, एक चौथाई चम्‍मच हींग, स्‍वादानुसार नमक और दो चम्‍मच नींबू का रस चाहिए होता है। सूप को गार्निश करने के लिए दो चम्‍मच बारीक कटा धनिया भी रख सकते हैं।

​बनाने का तरीका
डिलीवरी के बाद वजन घटाने के लिए या वेट लॉस डाइट में शामिल करने के लिए मूंग दाल सूप की रेसिपी इस प्रकार है :

    सबसे पहले मूंग दाल को पानी से अच्‍छी तरह से धो लें।
    अब इसमें 5 कप पानी डालकर कुकर में चढ़ाकर 3 से 4 सीटी लगा लें।
    इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर कम होने दें।
    अब एक डीप नॉन-स्टिक पैन में तेल डालकर गर्म करें और फिर उसमें जीरा डालें।
    जीरा भुनने पर इसमें करी पत्ता, हींग और कुकर में पकाया गया मूंग दाल का पानी डालें।
    इसे अच्‍छी तरह से मिक्‍स कर के उबाल आने दें।
    अब गैस बंद करें और इस सूप को कटोरी में डालकर इसमें नींबू डालें और धनिया पत्ती से गार्निश कर के पी लें।


​कुकिंग टिप
इस मूंग दाल के सूप में पोषक तत्‍वों की मात्रा को बढ़ाने के लिए आप एक चौथाई कप लो फैट पनीर और एक चौथाई कप घिसी हुई गाजर भी डाल सकते हैं। पानी में गाजर को डालने के बाद उसे नरम होने तक पकाएं।


​मूंग दाल सूप पीने के फायदे
मूंग की दाल में फोलिक एसिड, विटामिन बी9 होता है जो शरीर को नई कोशिकाएं बनाने और बनाए रखने में मदद करता है। यह खासतौर पर लाल रक्‍त कोशिकाओं के लिए फायदेमंद होता है। एंटीऑक्‍सीडेंट की तरह काम करने वाली मूंग दाल रक्‍त वाहिकाओं को फ्री रेडिकल्‍स से पहुंचने वाले नुकसान को कम करती है।

मूंग दाल के गुण
इससे शरीर में ब्‍लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और यह ह्रदय के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। मूंग दाल में फैट कम और प्रोटीन एवं फाइबर ज्‍यादा होता है। मूंग दाल से पेट लंबे समय तक भरा रहता है जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।

ये सूप आसानी से पच जाता है और इससे शरीर को खूब एनर्जी मिलती है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को अक्‍सर थकान महसूस होती है। ऐसे में ये मूंग दाल का सूप शरीर को ताकत और एनर्जी देता है और कमजोरी दूर करने में मदद करता है।

 

Source : Agency

पाठको की राय